हेमू साय की रिपोर्ट:-
जगदलपुर | नगरनार थाना क्षेत्र के गुमडेल गांव में एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चार चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि बरामद की गई है।
दिनांक 29 मई 2025 को प्रार्थी उमेश पाढ़ी (पिता लक्ष्मीनारायण पाढ़ी, उम्र 45 वर्ष, निवासी गुमडेल, थाना नगरनार) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह काम से बाहर गया था और रात लगभग 12 बजे जब वह घर लौटा, तो उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर खड़ा होकर मोबाइल से बात कर रहा है। जब वह घर के अंदर गया, तो कमरे की अलमारी का लॉकर खुला हुआ पाया और उसमें रखे ₹45,000 नगद व ₹3,14,550 मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
प्रार्थी ने तत्काल अपने भतीजों को बुलाया और उस संदिग्ध व्यक्ति का पीछा करने की कोशिश की, जो मौके पर बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG17-LB-6209) छोड़कर भाग गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी:
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, एवं नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के निर्देशानुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान मोटरसाइकिल के मालिक से पूछताछ की गई, जिसने बताया कि यह गाड़ी गणपत सेठी, सरमन सेठी, और सोनू बघेल ने उससे मांग कर ली थी। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने अपने एक अन्य साथी आदर्श उर्फ आनंद नाग के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने चारों आरोपियों के संयुक्त कब्जे से चोरी गए आभूषण और नगद राशि बरामद कर जप्त कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय, जगदलपुर में न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया।
टीम का सराहनीय योगदान:
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में निम्न पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रमुख भूमिका रही:
- निरीक्षक संतोष सिंह
- उनि सतीश यदुराज
- सउनि दिनेश सिंह ठाकुर
- म.प्र.आर. पीलेश्वरी साहू
- प्र.आर. खेदूराम ठाकुर
- आरक्षक अहिलेश नाग



