अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर, बिलासपुर। ऑपरेशन सिंदूर में अपनी सेवा और साहस का परिचय देने वाली कैप्टन डॉ. प्राची शर्मा के जम्मू से अपने गृह नगर रतनपुर आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। महामाया चौक रतनपुर में आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय जनता पार्टी रतनपुर मंडल और नगर पालिका परिषद रतनपुर द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।
इस विशेष अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप और भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप की अगुवाई में कार्यक्रम का संचालन किया गया। समारोह में रतनपुर के सभी वार्ड पार्षदों, नगर के गणमान्य नागरिकों, तथा रतनपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ ने कैप्टन डॉ प्राची शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।
गौरतलब है कि कैप्टन डॉ. प्राची शर्मा ने हाल ही में देश के महत्वपूर्ण सैन्य अभियान “ऑपरेशन सिंदूर” में भाग लिया और साहस, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का अद्भुत परिचय दिया। उनके इस अद्वितीय योगदान से रतनपुरवासियों को गर्व की अनुभूति हुई है।
समारोह में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जयघोष के साथ अपनी वीर बेटी का स्वागत किया।
इस दौरान कैप्टन डॉ प्राची शर्मा ने भी मंच से अपने उद्बोधन में कहा:
“ऑपरेशन सिंदूर में मेरी ड्यूटी देश के लिए समर्पित थी, पर मेरी जड़ें रतनपुर में हैं। आप सबका ये प्रेम और सम्मान मेरे लिए प्रेरणा है।”
इस आयोजन के माध्यम से नगरवासियों ने यह संदेश दिया कि रतनपुर न सिर्फ मंदिरों और इतिहास के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यहां की बेटियां भी देश की सुरक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल रहे –
लवकुश कश्यप(नगर पालिका अध्यक्ष), दुर्गा कश्यप (भाजपा मंडल अध्यक्ष), रतनपुर थाना प्रभारी नरेश कुमार,एवं समस्त स्टाफ समस्त वार्ड पार्षद, वरिष्ठ नागरिक, महिला मंडल और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक।रतनपुर वासियो ने अपनी वीर बेटी को किया नमन – यह सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, पूरे नगर का गर्व है।



