अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 में महिला सशक्तिकरण और सेवा भाव की मिसाल बनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य आयोजक वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद अर्चना संतोष सोनी रहीं, जिन्होंने समर्पण भाव से सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सुहाग का सामान (सिंदूर, चूड़ी, बिछिया, बिंदी आदि) और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया।
इस कार्यक्रम में आसपास के कई जनप्रतिनिधियों एवं वार्ड वासियों की उपस्थिति रही, जिनमें वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद शोभा दुबे, वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल, वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद पुष्पकांत कश्यप, वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद मनोज पाटले, तथा पार्षद रामप्रसाद श्रीवास शामिल रहे। सभी ने संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद अर्चना सोनी ने कहा कि
“आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक हैं, जो बच्चों, महिलाओं और गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की देखरेख करती हैं। इन्हें सम्मान देना हमारे लिए गौरव की बात है।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम कर कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा की गई। स्थानीय निवासियों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज एवं सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाओं के साथ किया गया।



