सुरेश सोनी की रिपोर्ट:-
नारायणपुर | लगातार तीन दिवसीय राज्य अवकाश (15 से 17 अगस्त) के दौरान भी आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न होने देने के उद्देश्य से जिला अस्पताल नारायणपुर में आज विशेष ओपीडी का आयोजन किया गया। यह विशेष ओपीडी सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक के निर्देश पर प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक संचालित हुई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा अधिकारियों की उपस्थिति में संचालित इस विशेष ओपीडी में 100 से 150 मरीजों का उपचार किया गया। बारिश के मौसम में फैलने वाले मौसमी रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, वायरल फीवर, दस्त इत्यादि की बढ़ती स्थिति को देखते हुए इस पहल से मरीजों को समय पर परामर्श एवं दवाइयाँ उपलब्ध हो सकीं।
विशेष रूप से अबूझमाड़ से आए गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए यह व्यवस्था राहतभरी साबित हुई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में रहने वाले इन मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के लिए भविष्य में भी आवश्यकता अनुसार ऐसे विशेष आयोजन किए जाते रहेंगे।



