सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। नक्सल मोर्चे पर लगातार सफलता हासिल कर रही नारायणपुर पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। साइबर जागरूकता अभियान और विशेष प्रयासों के तहत गुम मोबाइलों की बरामदगी और साइबर फ्रॉड में फंसी राशि को सुरक्षित करने में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में 4,77,691 रुपए, वर्ष 2024 में 10,33,466 रुपए और वर्ष 2025 में अब तक 8,10,227 रुपए संबंधित पीड़ितों को वापस दिलाए गए हैं। यह कार्रवाई साइबर पोर्टल (1930) और स्थानीय थानों में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित पहल का नतीजा है।
विशेष अभियान के तहत साइबर सेल नारायणपुर ने 4 लाख 20 हजार से अधिक मूल्य के 30 मोबाइल विभिन्न स्थानों से बरामद किए। इन मोबाइलों को 20 अगस्त 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय नारायणपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय कुमार साबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक और उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्दनामे पर लौटाया गया।
इस अभियान में निरीक्षक विनीत दुबे, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार शोरी, आरक्षक संदीप चौहान, जयलाल पोटाई, कमलेश साहू, आशीष ध्रुव, सुमित नाग, रामचन्द्र यादव और राजु बघेल की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
- यदि मोबाइल गुम हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करें और पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं।
- अपने मोबाइल का पासवर्ड हमेशा सुरक्षित रखें।
- बैंकिंग साइबर फ्रॉड या खाते से पैसे निकाले जाने की स्थिति मेंतुरंत टोलफ्री नंबर 1930 पर कॉल करें और एक घंटे के अंदर शिकायत दर्ज कराएं।



