सचिन तिवारी की रिपोर्ट:-
बिलासपुर,गौवंश संरक्षण और बेसहारा पशुओं के उचित देखभाल, सुरक्षा और खाने-पीने की व्यवस्था और किसानों की फसलों की सुरक्षा की मांग को लेकर ग्राम पंचायत छतौना के गौ सेवकों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात का समय मांगा है। इस संबंध में प्रह्लाद यादव, विनोद धुरी, सचिन तिवारी और ब्रिज साहू, अजीत यादव, भवानी ठाकुर,कान्हा कौशिक, बलवीर सिंह गिल, आशू ठाकुर,विजय साहू समेत अन्य गौ सेवा समिति के सदस्यों ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मीटिंग की अनुमति प्राप्त की।
सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम में करीब 250 बेसहारा मवेशी हैं, जिनके लिए न तो कोई स्थाई आश्रय है और न ही भोजन-पानी व चिकित्सा की उचित व्यवस्था। ये मवेशी किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर भी संकट गहरा गया है।
गौ सेवकों ने ज्ञापन में कलेक्टर से दो प्रमुख मांगे की हैं:
स्थाई व्यवस्था की मांग: गांव में इन बेसहारा पशुओं के लिए एक स्थाई गौशाला का निर्माण कराया जाए, जहां उनके भोजन-पानी व चिकित्सा की उचित व्यवस्था का इंतजाम हो सके।
सरकारी गौठान में स्थानांतरण: अगर इन पशुओं को सरकारी गौठान में स्थानांतरित किया जाता है तो वहां उनके उचित देखभाल, सुरक्षा और खाने-पीने की व्यवस्था हो सके ताकि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में उनके साथ सड़क घुटना और अन्य दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं न हो।
गौ सेवा समिति के सदस्यों ने सभी गौ सेवकों और ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अपनी आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए कल सुबह 10.30 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचें और इस मीटिंग को सफल बनाएं।



