शुभम पांडे ,ब्यूरो चीफ :-
बिलासपुर |सकरी तिवारी पारा के पास एक अज्ञात वाहन की लापरवाही ने पांच बेजुबान गौवंश को मौत के घाट उतार दिया। इस हृदय विदारक हादसे में चार गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल गाय को गौ सेवा धाम समिति छतौना, गौ सेवा धाम बिलासपुर और शंकर नारायण गौ सेवा समिति सेंदरी के सदस्यों ने बचाकर तत्काल उपचार के लिए गौशाला पहुंचाया।
इस दुखद घटना की सूचना तत्काल शंकर नारायण गौ सेवा समिति सेंदरी के सदस्यों ने सकरी थाना में दी। गौ सेवा धाम समिति, छतौना, गौ सेवा धाम बिलासपुर,और सेंदरी की संयुक्त टीम ने इस पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि आखिर कब तक सड़कों पर इस तरह बेगुनाह जानवरों का खून बहता रहेगा? उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ सख्त नियम क्यों नहीं बनाए जाते?
गौ सेवकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि बेजुबान पशुओं पर किया गया अत्याचार है। इस त्रासदी के लिए सीधे तौर पर वे पशुपालक जिम्मेदार हैं जो अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं और वे वाहन चालक जिनकी लापरवाही और तेज रफ्तार सड़कों को मौत का जाल बना देती है।”
उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पशुपालकों के खिलाफ कड़े नियम बनाए जाएं और सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। गौ सेवा समिति का कहना है कि जब तक इन बेगुनाह जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। यह सिर्फ एक गौवंश की बात नहीं है, यह मानवीय संवेदनशीलता और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।




