खैरागढ़. इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के मूर्तिकला विभाग में निर्माणाधीन असम के प्रसिद्ध साहित्यकार रघुनाथ चौधरी की प्रतिमा का माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय ने अवलोकन किया। सोमवार 25 अगस्त को महामहिम राज्यपाल महोदय विश्वविद्यालय पहुंचे जहां कुलपति महोदया प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने पुष्पगुच्छ से उनका स्वागत किया।
गेस्ट हाउस में अधिकारियों से चर्चा पश्चात माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय मूर्तिकला विभाग पहुंचे जहां साहित्यकार रघुनाथ चौधरी की प्रतिमा के प्रारंभिक निर्माण (मिट्टी से बने ढांचे) का अवलोकन किया। प्रतिमा के प्रारंभिक निर्माण को देखकर माननीय राज्यपाल महोदय प्रसन्न हुए और कांस्य प्रतिमा निर्माण के लिए आगे की कार्यवाही शुरू करने की अनुमति प्रदान की।
प्रतिमा निर्माण के लिए विश्वविद्यालय को दी थी बड़ी जिम्मेदारी
कुलाधिपति एवं राज्यपाल महोदय ने असम के भारतीय लेखक रघुनाथ चौधरी की प्रतिमा बनाने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को दो माह पूर्व बड़ी जिम्मेदारी दी थी। कुलपति महोदया से चर्चा के दौरान राज्यपाल महोदय ने गुणवत्तापूर्ण तथा परफेक्शन के साथ प्रतिमा निर्माण कराने की बात कही थी।
रघुनाथ चौधरी असमिया साहित्य के जोनाकी युग के एक भारतीय लेखक थे। उन्हें बिहोगी कोबी (पक्षियों के कवि) के रूप में जाना जाता है क्योंकि उनके अधिकांश लेखन पक्षियों और प्रकृति पर आधारित हैं।



