गौरेला-पेंड्रा-मरवाही | गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रिक ऑटो (ई-रिक्शा) बरामद किया है। बरामद वाहनों की कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत के निर्देश पर जिले में हो रही लगातार चोरियों पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल एवं एसडीओपी श्याम सिदार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अंजना केरकेट्टा के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, चोरी की मोटरसाइकिल अनूपपुर (मध्य प्रदेश) के आसपास देखे जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही सोनू उर्फ अभिषेक कुशवाहा को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी संतोष बघेल उर्फ भोलू और एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर थाना गौरेला क्षेत्र में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों ने सुमन निकेतन से ई-रिक्शा (क्रमांक CG 10 BS 1344) एवं दो मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए वाहन बरामद कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजना केरकेट्टा एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही।



