
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। नगर के लिए गौरव का विषय है कि रतनपुर के प्रख्यात व्यापारी एवं समाजसेवी नगर सेठ ललित अग्रवाल को सर्वसम्मति से बिलासपुर राइस मिल एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है। उनके अध्यक्ष बनने की खबर जैसे ही रतनपुर नगर में पहुंची, पूरे क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का वातावरण बन गया। व्यापारियों, नगर के गणमान्य नागरिकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
राइस मिल एसोसिएशन में अध्यक्ष पद का चुनाव लंबे विचार-विमर्श और संगठन की आंतरिक प्रक्रियाओं के बाद हुआ। ललित अग्रवाल को संगठन में उनके वर्षों के अनुभव, व्यापारिक ईमानदारी और समाजहित में किए गए कार्यों को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई। वे लंबे समय से व्यापार जगत में सक्रिय रहते हुए राइस मिल मालिकों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने के लिए संघर्षरत रहे हैं।
नगर के लोगों का कहना है कि ललित अग्रवाल के नेतृत्व में अब राइस मिल मालिकों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और संगठन नई ऊँचाइयों को छुएगा। रतनपुर के व्यापारियों और नागरिकों ने भी इस उपलब्धि को नगर का गौरव बताया।
इस अवसर पर नगरवासियों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और अग्रवाल परिवार को बधाई दी। कई व्यापारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने भी स्वागत संदेश जारी कर इसे पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण करार दिया।
गौरतलब है कि ललित अग्रवाल न केवल व्यापारिक क्षेत्र में बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और धर्मार्थ कार्यों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। उनकी सादगीपूर्ण कार्यशैली और समाजसेवी दृष्टिकोण ने उन्हें जनता के बीच विशेष पहचान दिलाई है।
नगर में यह विश्वास व्यक्त किया जा रहा है कि उनके नेतृत्व में राईस मिल एसोसिएशन मजबूत और सशक्त बनेगी तथा व्यापारिक वातावरण और भी सुदृढ़ होगा।