
नारायणपुर | जिले में आज महात्मा गांधी की जयंती गरिमामय ढंग से मनाई गई। अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने कलेक्ट्रेट परिसर एवं जयस्तंभ चौक स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
महात्मा गांधी जी को विश्वभर में अहिंसा के पुजारी और सत्य के मार्गदर्शक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने सत्याग्रह और असहयोग जैसे आंदोलनों के माध्यम से न केवल भारत को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई बल्कि पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि अन्याय और अत्याचार का सामना शांति और सत्य के मार्ग पर चलते हुए भी किया जा सकता है।
इस दौरान अपर कलेक्टर पंचभाई ने कहा कि महात्मा गांधी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके जीवनकाल में थे। सत्य, अहिंसा और सद्भावना के उनके संदेश से हमें प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए। नई पीढ़ी को गांधी जी के आदर्शों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि गांधी जी ने हमेशा स्वावलंबन और ग्राम विकास पर जोर दिया और हमें भी उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए।