
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर में शारदीय नवरात्रि पर्व के उपरांत विजयादशमी के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी हरदेव लाल मंदिर प्रांगणथाना पारा वार्ड क्रमांक 02 में भव्य रावण महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लव कुश कश्यप विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि रावण दहन केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह समाज को नई दिशा देने का एक अवसर भी है।
अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने आयोजन समिति और श्रद्धालुओं की वर्षों से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रांगण की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए बाउंड्री वाल निर्माण हेतु 5 लाख रुपये की घोषणा की। उनके इस महत्वपूर्ण निर्णय पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष बिनु निराला,वार्ड पार्षद इंदु यादव, वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल, वार्ड पार्षद मनोज पाटले, वार्ड पार्षद घनश्याम कमलसेन,वार्ड पार्षद हर्ष पटेल, वार्ड पार्षद पुष्पकांत कश्यप, वार्ड पार्षद रामलाल श्रीवास, समेत अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नगर पालिका अध्यक्ष के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि मंदिर प्रांगण में बाउंड्री वाल बनने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा प्राप्त होगी।
रावण महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। बच्चों और युवाओं ने विभिन्न नृत्य, नाट्य एवं भक्ति गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। रावण दहन के क्षण पर पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु और नगरवासी इस अद्भुत दृश्य के साक्षी बने।
आयोजन समिति ने नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप, उपाध्यक्ष बिनु निराला और सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि उनके सहयोग से ही इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो पाते हैं।
रावण महोत्सव के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सत्य और धर्म की सदैव विजय होती है, और बुराई कितनी भी प्रबल क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है।