दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नयापारा-पंचशील नगर में एक अज्ञात युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। घटना स्थल पर एक बिना नंबर की दोपहिया वाहन भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।
थाना प्रभारी तपेश्वर नेताम ने बताया कि सुबह मोहलई क्षेत्र में बिजली कार्यालय के सामने स्थित खाली भूखंड में युवक का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मौके से बरामद दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या के सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



