विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से :-
बेमेतरा | कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशन में बेमेतरा जिले के सभी 425 ग्राम पंचायतों में खरीफ वर्ष 2025-26 की गिरदावरी और डीसीएस (डिजिटल क्रॉप सर्वे) का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। अब तक जिले के 678 ग्रामों में डीसीएस कार्य किया जा रहा है, जबकि 30 ग्रामों में मैन्युअल गिरदावरी की प्रक्रिया प्रगति पर है।
सभी ग्राम पंचायतों में गिरदावरी और डीसीएस सूचियों का प्रकाशन किया जा रहा है तथा ग्राम सभाओं में इन सूचियों का पठन भी कराया जा रहा है, ताकि किसान अपनी फसल संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकें। साथ ही, किसानों की जानकारी के लिए समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत जुनाड़ाडू (पं. ह. नं. 18), तहसील नवागढ़, जिला बेमेतरा के समस्त किसान बंधुओं को सूचित किया जाता है कि खरीफ वर्ष 2025-26 की मैन्युअल गिरदावरी कर फसलों को ऑनलाइन “भुईया पोर्टल” में इन्द्राज किया जा रहा है। इस सूची की एक प्रति ग्राम पंचायत भवन में चस्पा की गई है, जिसे किसानगण देख सकते हैं। किसान अपने मोबाइल से गूगल में “सीजी भुईया” सर्च कर भी अपनी फसलों का विवरण ऑनलाइन देख सकते हैं।

यदि किसी किसान को सूची में फसल का नाम, रकबा या खसरा विवरण में कोई त्रुटि प्रतीत होती है, तो वे दिनांक 14 अक्टूबर 2025 तक संबंधित पटवारी कार्यालय या तहसील कार्यालय में आवश्यक सुधार हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। यह भी अवगत कराया जाता है कि प्रकाशित सूची में धान फसल को छोड़कर अन्य फसलों या पड़त भूमि दर्ज खसरा नंबरों का विवरण ही दर्शाया गया है। अर्थात सूची में जो खसरा नंबर नहीं दर्शाए गए हैं, उनमें धान फसल पहले से दर्ज है।
इसी बीच, कलेक्टर रणबीर शर्मा ने स्वयं ग्राम पंचायत चन्दनू का दौरा कर गिरदावरी और डीसीएस कार्य की प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम पंचायत भवन में चस्पा की गई फसल सूची का निरीक्षण कर किसानों से चर्चा की और मौके पर मौजूद राजस्व एवं कृषि अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम में गिरदावरी सूची का समय पर प्रकाशन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसान अपनी फसल संबंधी जानकारी देखकर यदि कोई त्रुटि हो तो तत्काल सुधार करा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि गिरदावरी और डीसीएस कार्य पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जाए, क्योंकि यही डेटा आगे चलकर समर्थन मूल्य खरीदी, फसल बीमा तथा अन्य योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन में आधार बनेगा।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे प्रकाशित गिरदावरी सूचियों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समयसीमा के भीतर सुधार हेतु आवेदन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि गिरदावरी कार्य की सटीकता ही किसानों को आगामी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी।



