सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | ग्रामीण परिवहन संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार दुग्गा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि संघ पूरी तरह से स्थानीय ग्रामीणों द्वारा गठित संघ है और कहा हमने निको कंपनी, ट्रांसपोर्टर और प्रशासन से कई बार निवेदन किया कि आमदई खदान, छोटेडोंगर में हमारे स्थानीय वाहनों को लोडिंग दी जाए, ताकि यहां के लोगों को रोजगार मिल सके।
परंतु लगातार अनुरोधों के बावजूद स्थानीय लोगों को दरकिनार कर बाहरी वाहनों को लोडिंग दी जा रही है, जिससे हमारे जिले के ग्रामीण बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इस अन्याय के विरोध में संघ 03 नवम्बर 2025 से आमदई खदान जीरो पॉइंट पर अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन करने के लिए बाध्य हैं। यह संघर्ष केवल गाड़ियों का नहीं है, बल्कि नारायणपुर के प्रत्येक निवासी के हक, रोजगार और सम्मान की लड़ाई है।
हमारी मुख्य मांगें –
- नारायणपुर आमदई खदान में ग्रामीण परिवहन संघ के गाड़ियों को गेट पास जारी कर लोडिंग दी जाए।
- नारायणपुर जिले के सभी खदानों में सबसे पहले नारायणपुर के मूलनिवासियों को प्राथमिकता दी जाए।
- आमदई सहित आने वाले सभी खदान परियोजनाओं में स्थानीय वाहनों, ड्राइवरों, मजदूरों और ठेकेदारों को पहले अवसर दिया जाए।
- रोजगार और परिवहन कार्य में बाहरी कंपनियों के अनुचित वर्चस्व को रोका जाए।
- जिला प्रशासन एक स्थायी नीति बनाए, जिससे भविष्य में खुलने वाली खदानों में स्थानीय लोगों का हक सुरक्षित रहे।
आंदोलन से होने वाले लाभ – आगे मनोज कुमार दुग्गा ने जनता से अपील करते हुए कहाॅ स्थानीय युवाओं और परिवारों को रोजगार मिलेगा। जिले की आर्थिक प्रगति और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। मूलनिवासियों का सम्मान और अधिकार सुरक्षित रहेगा। स्थानीय संसाधनों पर स्थानीय लोगों का अधिकार सुनिश्चित होगा।
आने वाले समय में जब नई खदानें खुलेंगी, तो सबसे पहले जिले के लोग ही लाभान्वित होंगे। हम समस्त जनप्रतिनिधियों, राजनैतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, समाज प्रमुखों और जिले के नागरिकों से हृदयपूर्वक अपील करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस न्यायपूर्ण आंदोलन को सफल बनाएं।



