विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से :-
बेमेतरा | छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ रजत राज्योत्सव 2025 का आयोजन जिला मुख्यालय बेमेतरा में 2 से 4 नवम्बर 2025 तक बड़े हर्षोल्लास से किया जाएगा। यह आयोजन प्रतिदिन शाम 5 बजे से बेसिक स्कूल मैदान, बेमेतरा में संपन्न होगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विजय बघेल, सांसद दुर्ग लोकसभा उपस्थित रहेंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि संस्थाओं के पदाधिकारी गण शामिल होंगे।
राज्योत्सव में जिले की लोककला, संस्कृति और पारंपरिक धरोहर की झलक प्रस्तुत की जाएगी। लोककला रंगों से सजे मंच पर कलाकार आरू साहू एवं नितिन दुबे अपनी शानदार प्रस्तुतियों से बेमेतरा की शाम को संगीतमय बनाएंगे।
कार्यक्रम में विभागीय प्रदर्शनी, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र होंगी।
जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे परिवार सहित इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होकर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली यात्रा का हिस्सा बनें।



