गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर
जशपुर : चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र में सोमवार को एक शर्मनाक वारदात सामने आई, जहां शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की टांगी से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
घटना का विवरण कुछ इस प्रकार है कि ग्राम कुरकुरिया निवासी संतोष राम ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके गांव के ही लरंग राम ने अपनी पत्नी संतोषी बाई पर हमला किया। घटना दिनांक 10 नवंबर को उस समय हुई जब दोनों पड़ोसी गांव पकरी टोली से लौट रहे थे। रास्ते में मृतिका संतोषी बाई ने किसी परिचित महिला को बुलाया, जिसके बाद आरोपी नाराज होकर विवाद करने लगा और शराब के नशे में टांगी से पत्नी पर हमला कर दिया। इसके परिणामस्वरूप मृतिका की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस कार्रवाई:
- चौकी पंडरा पाठ में आरोपी के खिलाफ बी एन एस की धारा 103(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
- पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और शव का पोस्टमार्टम कराते हुए पंचनामा बनाया।
- आरोपी लरंग राम घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे मुखबिर की सूचना पर ग्राम शरधापाठ के जंगल से गिरफ्तार किया गया।
- हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी आरोपी के कब्जे से जप्त कर लिया गया।
- पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस टीम:
मामले की कार्यवाही में थाना प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश सोनवानी, प्रधान आरक्षक विनोद केरकेट्टा, आरक्षक अरुण राम, दिलेश्वर भगत और बिलचियूस लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि शराब के नशे में हुई इस हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह घटना परिवार और समाज के लिए एक चेतावनी स्वरूप है कि शराब के नशे में व्यक्ति अपने और अपने प्रियजनों के जीवन के लिए कितना खतरनाक हो सकता है।



