गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को ग्राम नारायणपुर प्रवास के दौरान जशपुर पुलिस द्वारा लगाए गए नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित जनजागरूकता स्टॉल का निरीक्षण किया। स्टॉल में प्रदर्शित सामग्री, प्रस्तुतीकरण और जागरूकता मॉडल की उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आम नागरिकों को नए कानूनों से सहज रूप से अवगत कराने में अत्यंत प्रभावी साबित होगी।
कार्यक्रम स्थल पर लगाया गया यह स्टॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां पुलिस अधिकारी आम नागरिकों को नए कानूनों से संबंधित जानकारी दे रहे थे और उनके सवालों का सरल भाषा में समाधान कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि “ऐसे जागरूकता अभियान पुलिस और जनता के बीच भरोसा बढ़ाने के साथ ही कानून की समझ को भी मजबूत करते हैं।”

स्टॉल में भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (Bharatiya Nagarik Suraksha Sanhita) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (Bharatiya Sakshya Adhiniyam) जैसे नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों को विस्तार से दर्शाया गया था। नए कानूनों के तहत औपनिवेशिक प्रावधानों का अंत करते हुए पीड़ित-केंद्रित न्याय व्यवस्था तथा त्वरित न्याय को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, अपराधियों के विरुद्ध कठोर दंड, ई-एफआईआर की सुविधा और हर प्रक्रिया के लिए निर्धारित समयसीमा जैसे सुधारों को भी प्रमुखता से बताया गया।
इसके अलावा, स्टॉल में आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों जैसे फिंगरप्रिंट, डीएनए टेस्ट और वॉइस सैंपल की भूमिका को भी प्रस्तुत किया गया, जो अब जांच प्रक्रिया को अधिक सटीक, वैज्ञानिक और निष्पक्ष बनाती हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि स्टॉल को नागरिकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। पोस्टर, मॉडल और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से नए कानूनों को सरल और रोचक भाषा में समझाया जा रहा है, जिससे लोगों में कानून को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।



