अमित दुबे की रिपोर्ट:-
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के शासनकाल में बढ़ती अव्यवस्था, प्रशासनिक लापरवाही और आम जनता पर पड़ते गंभीर प्रभावों के विरोध में आज बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े पाँच प्रमुख मुद्दों को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर को घंटों तक घेर रखा।
प्रदर्शन में जिलेभर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भारी संख्या में भाग लिया। भीषण गर्मी व धूप के बावजूद कांग्रेसजनों ने “जनता के अधिकार— सरकार दे जवाब” जैसे नारे लगाते हुए प्रशासन के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की।

कांग्रेस ने उपरोक्त 5 बड़े मुद्दों को लेकर जताया रोष
1. जर्जर सड़कों की बदहाल हालत के विरोध में
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिले की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। मरम्मत के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति हो रही है। इन सड़कों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और आम जनता को रोजमर्रा की यात्रा में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
2. बिजली बिलों के नाम पर बेहिसाब लूट का आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर बिजली बिलों में अवैध तरीके से बढ़ोतरी और जनसामान्य से मनमानी वसूली का आरोप लगाया। कहा गया कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार बिजली बिल के बोझ तले दब चुके हैं, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं।
3. धान खरीदी में अव्यवस्था और किसानों की दुर्दशा
प्रदर्शन में किसानों की समस्याओं पर विशेष मुखरता दिखी। आरोप लगाया गया कि धान खरीदी केंद्रों में भारी अव्यवस्था व्याप्त है। किसान पंजीयन, बारदाना उपलब्धता और तौल केंद्रों में अनियमितताओं के कारण दर–दर भटक रहे हैं। कई किसानों का धान अभी तक खरीदा नहीं गया, जिससे वे आर्थिक संकट में हैं।
4. जमीन–रजिस्ट्री में रोक और बढ़ी हुई दरों का विरोध
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिलासपुर जिले में छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री पर अघोषित रोक लगा दी गई है, जिससे आम जनता खासकर गरीब और मध्यम वर्ग अपने छोटे मकानों व जमीन की रजिस्ट्री नहीं करा पा रहा। साथ ही भूमि–भवन की रजिस्ट्री दरों में बेतहाशा वृद्धि से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
5. गरीबों की झोपड़ियों पर बुलडोजर कार्रवाई का विरोध
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिना पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था के गरीब परिवारों की वर्षों पुराने झोपड़ों को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है, जो मानवीय मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ है। कांग्रेस ने इसे तानाशाही रवैया बताते हुए तत्काल रोक की मांग की।
जंगी प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति
कलेक्टर कार्यालय घेराव में जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और युवाओं ने व्यापक संख्या में भाग लिया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ नारेबाजी करते रहे और जनहित की मांगों को प्रशासन तक पहुँचाया।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस और भी बड़े आंदोलन की राह अपनाएगी।



