गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। थाना तुमला क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार करने के मामले में पुलिस ने एक सहायक पोस्ट मास्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सौरभ कुमार (27 वर्ष) के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(M) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता, जो कि सब इंजीनियर रह चुकी है, वर्ष 2024 में आरोपी सौरभ कुमार से परिचित हुई थी। आरोपी मूल रूप से बिहार का निवासी है और वर्तमान में जशपुर जिले के एक डाकघर में सहायक पोस्ट मास्टर के रूप में कार्यरत है।
शिकायत में बताया गया है कि जनवरी 2025 में जब पीड़िता छुट्टी पर अपने गृह ग्राम आई हुई थी, तब आरोपी ने उसे अपने किराए के घर में बुलाकर शादी का वादा करते हुए उसके साथ अनाचार किया। इसके बाद जून 2025 तक जब भी पीड़िता छुट्टी पर घर आती, आरोपी शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उससे तकनीकी सहायक की नौकरी छोड़ने की मांग की। पीड़िता द्वारा नौकरी छोड़ देने के बाद भी आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा।
महिला संबंधी गंभीर अपराध को ध्यान में रखते हुए तुमला थाना पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया और पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोमल सिंह नेताम, आरक्षक बसंत खुटिया, सोनू सिंह, हीरालाल यादव तथा महिला आरक्षक बीरजिनिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों पर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।






