गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लोदाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 100 बोरी अवैध तंबाखू से भरे एक पिकअप वाहन को जप्त किया है। बरामद तंबाखू की कुल कीमत ₹1,11,360 बताई गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान पकड़ा तंबाखू का जखीरा
7 दिसंबर 2025 को लोदाम थाना पुलिस द्वारा मंडी बैरियर, NH-43 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहा पिकअप वाहन JH 01-ER-6092 पुलिस की नजर में आया।
जांच में वाहन में भारी मात्रा में कच्ची तंबाखू भरी बोरी मिली। पूछताछ पर चालक ने अपना नाम गौतम भगत (28 वर्ष), निवासी सरनाटोली, जशपुर बताया।
चालक ने पुलिस को दो रसीदें दीं, जिनमें भेजने वाले का नाम M/s न्यू प्रसाद ब्रदर्स, चाईबासा (झारखंड) दर्ज था, लेकिन माल के परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने BNS की धारा 106 के तहत माल सहित वाहन को जप्त कर लिया।
9 दिनों में 471 बोरी तंबाखू की बरामदगी
जशपुर पुलिस ने पिछले 9 दिनों में लोदाम क्षेत्र से तीन ट्रकों सहित 471 बोरी अवैध तंबाखू जब्त की है। अब यह चौथी बड़ी कार्रवाई है, जिसने तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
कार्रवाई में लगी पुलिस टीम
- लोदाम थाना प्रभारी
- निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे
साथ ही - प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा
- आरक्षक अमर बेक
की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा—
“नशे के कारोबार के प्रति जशपुर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। लोदाम क्षेत्र में 100 बोरी अवैध तंबाखू की बरामदगी इसी अभियान का हिस्सा है। ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”






