गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। दुलदुला थाना क्षेत्र में 06–07 दिसंबर की दरम्यानी रात हुए भीषण सड़क हादसे के आरोपी ट्रेलर चालक रियाजुद्दीन (42 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में आमने-सामने की टक्कर के बाद हुंडई i20 कार में सवार पाँच युवकों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने आरोपी पर BNS की धारा 281 एवं 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिया था। घटना के बाद से चालक फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। अंततः पुलिस ने उसे दुलदुला क्षेत्र से दबोच लिया तथा घटना में प्रयुक्त ट्रेलर NL-01-AB-5953 को भी जप्त कर लिया है।
कैसे हुआ था हादसा?
06–07 दिसंबर की रात NH-43, पंडरी पानी मोड़, ग्राम लोरो-पतराटोली मार्ग पर ट्रेलर और i20 कार की भीषण भिड़ंत हुई थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
सभी मृतक ग्राम खटंगा, थाना दुलदुला के रहने वाले थे—
- अंकित तिग्गा, उम्र 16 वर्ष
- राधेश्याम यादव, उम्र 26 वर्ष
- उदय चौहान, उम्र 18 वर्ष
- दीपक प्रधान, उम्र 18 वर्ष
- सागर तिर्की, उम्र 22 वर्ष
पांचों एक ही कार में सवार थे।
जांच में क्या सामने आया?
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी चालक रियाजुद्दीन ने बताया कि वह मुंबई से लोहे-सीमेंट की इंडस्ट्रियल पाइप लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था, तभी दुलदुला क्षेत्र के पंडरी पानी मोड़ पर तेज और लापरवाह गति से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही i20 कार से भीषण टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है और उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत भी मिले हैं। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के निष्पादन में—
- निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, थाना प्रभारी दुलदुला
- प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे
- आरक्षक अलेक्सियूस तिग्गा
- आरक्षक अकबर चौहान
की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी जशपुर का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा—
“दुलदुला सड़क हादसे के आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। जशपुर पुलिस सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”






