गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जून 2025 में गौ-तस्करी के मामले में फरार चल रहा आरोपी अफसर राय को पुलिस ने झारखंड के बेड़ो क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का
4 जून 2025 को जशपुर पुलिस ने ग्राम बालाछपार, नेशनल हाइवे-43 पर ग्रामीणों की सूचना पर एक बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो जब्त की थी।गाड़ी की पिछली सीट हटाकर उसमें 4 गौ-वंशों को रस्सी से बांधकर रखा गया था। वाहन का टायर फट जाने से तस्कर मौके पर स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए थे।
मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
वाहन नंबर छिपाने के बावजूद पुलिस ने किया ट्रेस
जांच के दौरान पुलिस ने परिवहन विभाग की मदद से वाहन का वास्तविक नंबर JH-01G-0199 पता लगाया, जो झारखंड निवासी योगेश कुमार गुप्ता के नाम पर पंजीकृत था। पूछताछ में उसने बताया कि वाहन उसने एक महिला को बेचा था।
महिला ने आगे बताया कि यह स्कॉर्पियो उसने 2022 में आरोपी अफसर राय को बेच दी थी।
आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस ने जब आरोपी अफसर राय (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि वह छत्तीसगढ़ के रायगढ़ क्षेत्र से गौ-वंशों को झारखंड ले जा रहा था। रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी देखकर वह वाहन छोड़कर भाग गया था।
विशेष टीम ने की गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने टेक्निकल इनपुट और मुखबिर की जानकारी के आधार पर आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
पूछताछ और सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
टीम का योगदान
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक जय प्रकाश मिर्रे,
प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा,
आरक्षक उपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
SSP का बयान
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि गौ-तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। ऐसे अपराध में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।






