गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन के बीच अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक, एक पिकअप और एक ट्रैक्टर से कुल 580 बोरी में 342 क्विंटल संदिग्ध धान जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 86 हजार 600 रुपये बताई जा रही है। जब्त धान को आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस सरहदी इलाकों में अवैध धान की आमद पर लगातार निगरानी रखे हुए है। पुलिस अब तक 6 ट्रक, 19 पिकअप और 1 ट्रैक्टर से 1500 क्विंटल से अधिक धान जब्त कर चुकी है।
लोदाम थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
दिनांक 17 दिसंबर की रात करीब 9 बजे लोदाम थाना पुलिस ने नेशनल हाइवे स्थित आबकारी बैरियर पर चेकिंग के दौरान ट्रक क्रमांक CG-14-MD-5550 को रोका। तलाशी में ट्रक से 440 बोरी में 300 क्विंटल धान बरामद हुआ। चालक ने अपना नाम एकुल अंसारी (24 वर्ष), निवासी रांची (झारखंड) बताया, लेकिन धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ट्रक सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया।
इसी क्रम में सुबह पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम जकबा से पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AR-6813 पकड़ा गया, जिसमें 40 बोरी में 2 क्विंटल धान लोड था। चालक अनुज बखला भी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
बागबहार थाना क्षेत्र से भी पकड़ा गया ट्रैक्टर
दिनांक 16 दिसंबर की शाम बागबहार पुलिस ने ग्राम बिरिमडेगा के पास ट्रैक्टर क्रमांक CG-13-AM-6642 को संदिग्ध रूप से धान परिवहन करते हुए रोका। ट्रैक्टर में 100 बोरी में 40 क्विंटल धान लोड था। चालक कृष्णा नाग द्वारा न तो बिक्री टोकन और न ही अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सके, जिसके बाद ट्रैक्टर सहित धान जब्त कर लिया गया।
पुलिस की सख्ती जारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस सरहदी राज्यों से हो रहे अवैध धान परिवहन पर कड़ी नजर बनाए हुए है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



