गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर;-
जशपुर। जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में इलाज के नाम पर युवती को झांसे में लेकर दुष्कर्म करने के मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी युवती को अंबिकापुर से जशपुर इलाज के लिए लाने का बहाना बनाकर रास्ते में जंगल में वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अंबिकापुर की रहने वाली है और घर-घर जाकर घरेलू काम करती है। करीब एक वर्ष पहले अंबिकापुर में आयोजित एक आयुर्वेदिक डॉक्टरों की बैठक के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी राम प्रताप सिंह से हुई थी, जिसने खुद को आयुर्वेदिक डॉक्टर बताया था। पीड़िता के पैर में दर्द की समस्या को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
दिनांक 14 दिसंबर को आरोपी ने पीड़िता को फोन कर बताया कि उसके वरिष्ठ डॉक्टर जशपुर आ रहे हैं और वहां बेहतर इलाज हो सकता है। आरोपी की बातों में आकर पीड़िता उसके साथ मोटरसाइकिल से जशपुर के लिए निकली। रास्ते में कांसाबेल के पास जंगल में आरोपी ने बाइक रोककर पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को न बताने की धमकी दी।
घटना के बाद आरोपी पीड़िता को जबरन जशपुर ले जा रहा था। कुनकुरी के पास एक होटल पर पीड़िता ने पानी पीने का बहाना बनाया और मौका पाकर होटल संचालक को पूरी घटना बता दी। होटल संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया।
चूंकि घटना कांसाबेल थाना क्षेत्र की थी, इसलिए पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कांसाबेल में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मेडिकल परीक्षण के बाद पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल (CG-30-G-5415) भी जब्त की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर जशपुर पुलिस सख्त और संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



