गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर | जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही तीन माह के भांजे की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला सन्ना थाना अंतर्गत ग्राम पिपरापाठ (नन्हेसर) का है। पुलिस के अनुसार 17 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे गांव के कुएं के पास पानी भरते समय आरोपी की पत्नी और उसकी चचेरी बहन संगीता के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गईं।
कुछ समय बाद आरोपी रतन उर्फ रतनू राम (21) अपनी पत्नी से हुए झगड़े को लेकर गुस्से में संगीता के घर पहुंचा। उस वक्त संगीता अपने घर के सामने खड़ी थी और अपने तीन माह के बच्चे को पीठ पर कपड़े से बांधे हुए थी। आरोपी ने हाथ में पकड़ी टांगी के हत्थे से संगीता पर हमला किया। वार से बचने के लिए संगीता झुक गई, लेकिन टांगी का हत्था उसकी पीठ पर बंधे मासूम बच्चे को लग गया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर सन्ना थाना पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की प्रारंभिक रिपोर्ट में टांगी के हत्थे से लगी चोट को मौत का कारण बताया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी भी आरोपी के कब्जे से जब्त कर ली है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक विदवा राम और आरक्षक विमलेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि तीन माह के मासूम की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।



