गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर |राजधानी रायपुर में आयोजित यूनिसेफ (UNICEF) के राज्य स्तरीय ‘नोनी जोहार’ कार्यक्रम में जशपुर जिले के युवाओं ने अपनी रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी का शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। साइबर सुरक्षा पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए जशपुर के स्वयंसेवकों ने जिले का नाम रोशन किया।
रायपुर स्थित बेबीलोन होटल में हुए इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 15 जिलों से आए चयनित स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। जशपुर जिले से चयनित 11 युवाओं की टीम ने “शक्तिमान बना साइबर का हीरो” थीम पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया। प्रस्तुति में यह दर्शाया गया कि कैसे समय पर जागरूकता और साइबर योद्धाओं की मदद से एक युवा की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता आकाश सोनी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त निदेशक नंदलाल, अभिनेत्री स्मृति कालरा, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के विशेषज्ञ अभिषेक सिंह एवं चेतना देसाई, लोकगायिका गरिमा दिवाकर, स्टार कलाकार अनुज शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
जशपुर की इस सफलता में पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का मार्गदर्शन अहम रहा। नाटक की शुरुआत में एसएसपी का शुभकामना संदेश प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसमें उन्होंने जशपुर के युवाओं को साइबर योद्धा के रूप में चयनित होने पर पूरे जिले और पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात बताया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक शालिनी गुप्ता, विकासखंड समन्वयक गुरुदेव प्रसाद और पंकज यादव के साथ स्वयंसेवक नेहा, रिंटा, सविता, अनुरूप, गोपाल, गुलसन, रितेश राज, आशुतोष, धनसिंह और विकास शामिल रहे। विशेष रूप से स्वयंसेवक धनसिंह ने ‘शक्तिमान’ का रूप धारण कर साइबर सुरक्षा के उपायों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इस आयोजन ने जशपुर जिले के युवाओं की सक्रिय भागीदारी, रचनात्मक सोच और सामाजिक प्रतिबद्धता को उजागर किया। यूनिसेफ, एग्रीकोन फाउंडेशन और एलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को न केवल मंच दिया, बल्कि आत्मविश्वास और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति भी प्रेरित किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस लगातार ‘साइबर जागरूकता’, ‘क्लिक सेफ’ और ‘साइबर योद्धा’ अभियानों के जरिए आम नागरिकों और युवाओं को सुरक्षित डिजिटल जीवन के लिए प्रेरित कर रही है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सुरक्षा, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करते हैं।



