अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर/बिलासपुर तनपुर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त चार आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, नशे के अवैध कारोबार पर रोक तथा निगरानी बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में नवपदस्थ थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा क्षेत्र में सक्रिय और सुदृढ़ पुलिसिंग सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस के अनुसार थाना रतनपुर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए व्यक्तियों की पहचान की गई। तथ्यों के सत्यापन के बाद चार आदतन बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण इस प्रकार है—
पुरूषोत्तम पटेल, पिता बाबुराम पटेल (28 वर्ष), निवासी मंझोलीपारा, खुटाघाट, थाना रतनपुर
नरेन्द्र पटेल, पिता स्व. रामखिलावन पटेल (37 वर्ष), निवासी सौधीपारा, रतनपुर
मंगल उर्फ मनीष केंवट, पिता सुखदेव केंवट (19 वर्ष), निवासी गोंदईया, थाना रतनपुर
मुन्ना लाल कोरी, पिता स्व. आत्माराम कोरी (55 वर्ष), निवासी रानीगांव, रतनपुर, जिला बिलासपुर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष के दौरान क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, गुंडागर्दी, नशाखोरी अथवा शांति भंग करने की कोशिश को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली एवं आरक्षक मनीष जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप का माहौल है, जबकि आम नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता और सख्ती की खुले तौर पर प्रशंसा की है।



