अमित दुबे की रिपोर्ट:-
मरवाही : मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। यह चोरी 9 दिसंबर 2025 को उस समय हुई थी, जब मकान मालिक घर पर मौजूद नहीं थे। अज्ञात चोरों ने मात्र आधे घंटे के भीतर सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 7.5 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मरवाही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों के सहारे पुलिस भोपाल (मध्यप्रदेश) से सक्रिय पारधी गैंग तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी महराणा पारधी (उम्र 26 वर्ष) ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 19 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस चोरी के मुख्य आरोपी पोंची उर्फ योगी पारधी, जसपाल सिंह पारधी एवं चोरी के जेवरात खरीदने वाला एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं|
जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले में मरवाही थाना पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और तकनीकी जांच से चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा संभव हो सका।



