गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। धान खरीदी सीजन के बीच अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। चौकी दोकड़ा क्षेत्र में पुलिस ने उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 30 क्विंटल अवैध धान पकड़ा है। कार्रवाई में एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 69 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर की शाम करीब 8:30 बजे दोकड़ा पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन उड़ीसा की ओर से ग्रामीण रास्तों से होते हुए बांसबहार-बंदरचुआ की ओर आ रही है, जिसमें बड़ी मात्रा में धान लोड है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर बांसबहार चौक के पास संदिग्ध पिकअप को रोका गया।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक OD-16-P-3960 में 70 बोरियों में भरा कुल 30 क्विंटल धान मिला। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम नरेंद्र गुप्ता (36 वर्ष), निवासी ग्राम कुंजारा-नीम टोली, थाना कुनकुरी बताया। चालक धान से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद धान और वाहन को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यह धान उड़ीसा से लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की तैयारी थी। धान खरीदी के दौरान बिचौलियों की सक्रियता को देखते हुए जिले के सरहदी इलाकों में नाकेबंदी, पेट्रोलिंग और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
जशपुर पुलिस अब तक अवैध धान परिवहन के मामलों में 7 ट्रक, 21 पिकअप और 2 ट्रैक्टर से कुल 1,899 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में की गई है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक अशोक यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध धान परिवहन पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



