गणेश यादव जिला संवाददाता:-
जशपुर : जशपुर जिले में नए साल के स्वागत को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने विशेष सुरक्षा रणनीति लागू की है।
नववर्ष की रात किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए जिलेभर में करीब 300 पुलिस जवानों के साथ-साथ 50 से अधिक होमगार्ड तैनात किए गए हैं। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस द्वारा प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड रडार और ट्रैफिक चेकिंग पॉइंट लगाए जाएंगे। 31 दिसंबर की शाम से लेकर 1 जनवरी की शाम तक जिले के पर्यटन स्थलों, पिकनिक स्पॉट, होटल, ढाबे, रिसॉर्ट और पार्टी वेन्यू पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डीजे और साउंड सिस्टम को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी। निर्धारित समय और तय ध्वनि स्तर से अधिक आवाज करने पर डीजे सिस्टम जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं धार्मिक स्थलों के आसपास शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर खास नजर रहेगी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर शराब पीकर ड्राइविंग, तेज रफ्तार, हुड़दंग और साइलेंट जोन में शोर मचाने वालों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि नववर्ष को जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि नया साल खुशियां बांटने का अवसर है, न कि कानून तोड़ने का। पुलिस पूरी तरह सतर्क है, निगरानी कैमरे सक्रिय हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती तय है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और नववर्ष 2026 को शांतिपूर्ण और यादगार बनाएं।



