अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए एक बार फिर समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया है। नव वर्ष के अवसर पर बैंक द्वारा शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरण का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में रतनपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा के सामने आयोजित कार्यक्रम में कुल 10 मेधावी छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।

इस योजना के अंतर्गत माध्यमिक शाला रिगवार की चार छात्राएं — अपरिता, पूर्णिमा, साक्षी और अनुराधा, माध्यमिक शाला लूफा की चार छात्राएं — अन्नी बैगा, फुलेश्वरी, जागृति और शिवमती तथा माध्यमिक शाला कन्या आगामोहन की दो छात्राएं — पल्लवी और वंदना को साइकिल वितरण किया गया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों ने इस पहल के लिए बैंक का आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सभी प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं भी दी गईं और यह संदेश दिया गया कि शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग जारी रहेगा। बैंक अधिकारियों ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के डिप्टी जीएम आलोक रंजन, रतनपुर शाखा प्रबंधक श्रवण मिश्रा, राहुल वैष्णव, चंद्रमणि सिंह, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष लवकुश कश्यप, भाजपा मंडल महामंत्री प्रशांत यादव, सीएमओ नीरज जायसवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर पालिका परिषद रतनपुर एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य, जयप्रकाश वैष्णव, रिगवार क्षेत्र के आसपास के 10 बच्चे, उनके अभिभावक तथा भारतीय स्टेट बैंक के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब संस्थाएं सामाजिक सरोकारों के साथ आगे बढ़ती हैं, तो शिक्षा और समाज दोनों को नई दिशा और गति मिलती है।



