गणेश यादव जिला संवाददाता :-
जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को जशपुर पुलिस ने ऑटो चालकों के माध्यम से एक भव्य यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया।
रैली में 117 से अधिक ऑटो चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह रैली एसडीओपी कार्यालय जशपुर से प्रारंभ होकर महाराजा चौक, सन्ना तिराहा, बिरसा मुंडा चौक, जैन तिराहा, बस स्टैंड, पुरानी टोली होते हुए पुनः एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। रैली के दौरान ऑटो चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने ऑटो चालकों से अपील की कि वे अधिक सवारी न बैठाएं, ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन बीमा अद्यतन रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और स्वयं यातायात नियमों का पालन करते हुए दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन न चलाएं, ओवर स्पीडिंग और नशे में वाहन चलाने से बचें, क्योंकि इससे स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। साथ ही, दुर्घटना की स्थिति में गुड सेमेरिटन की भूमिका निभाते हुए घायलों की मदद करें, उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं और पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने कहा कि नागरिकों का एक छोटा सा प्रयास भी किसी की जान बचा सकता है।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जशपुर पुलिस आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखेगी।



