गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र के ग्राम पोस्कट में हुए सोलर समरसिबल पंप स्टार्टर चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और खरीददार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना की रिपोर्ट प्रार्थी मनोज कुमार यादव (36 वर्ष, ग्राम पोस्कट) ने चौकी पंडरा पाठ में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि दिनांक 29.12.25 को उनके सरसों के खेत में लगे सोलर पंप का स्टार्टर, जिसकी कीमत 25,000 रुपये है, चोरी कर दिया गया। संदेहियों के रूप में भूपेंद्र राम (26 वर्ष, ग्राम उपर सेमरा) और विनोद यादव (28 वर्ष, ग्राम हेठ सेमरा) को चिह्नित किया गया था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को पंडरा पाठ में कार में घूमते हुए हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी का स्टार्टर उदय नाथ यादव (37 वर्ष, ग्राम चुंदा पाठ) को 4,000 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उदय नाथ यादव के घर दबिश दी और चोरी का पंप स्टार्टर बरामद किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपये नकद और चोरी का पंप स्टार्टर जब्त किया। शेष राशि आरोपियों द्वारा खर्च किए जाने की जानकारी मिली।
अभियुक्त गिरफ्तार:
- विनोद यादव, उम्र 28 वर्ष, ग्राम हेठ सेमरा
- भूपेंद्र राम, उम्र 26 वर्ष, ग्राम उपर सेमरा
- उदय नाथ यादव, उम्र 37 वर्ष, ग्राम चुंदा पाठ
तत्काल गिरफ्तारी और चोरी की बरामदगी में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार पैंकरा, प्रधान आरक्षक राजेश कुजूर, आरक्षक दिनेश्वर राम, अरुण कुमार राम और प्रदीप तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पंडरा पाठ क्षेत्र में ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस इस प्रकार की कार्रवाई को लगातार जारी रखेगी।



