कुनकुरी (जशपुर): सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा कुनकुरी के जय स्तंभ चौक में गुरुवार को विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिले में चल रहे सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जशपुर पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति सचेत किया जा रहा है।
कुनकुरी में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम जिंदल, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव एवं यातायात प्रभारी जशपुर उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जीवन झरना समिति, कांसाबेल द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक से हुई। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों को जीवंत रूप में दर्शाया। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि एक छोटी सी असावधानी पूरे परिवार के जीवन को प्रभावित कर सकती है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं असमय मृत्यु का एक प्रमुख कारण बनती जा रही हैं, जिनका मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के लिए आवश्यक है। दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य बताया।
वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम जिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव एवं यातायात प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा द्वारा उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों और उनके उल्लंघन पर लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के नेतृत्व में “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें” के संदेश के साथ शहर में हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। इस दौरान आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया तथा कुछ लोगों को हेलमेट का वितरण भी किया गया। साथ ही उपस्थित जनसमूह को सुरक्षित ड्राइविंग एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा साधन है। आपका जीवन आपके और आपके परिवार के लिए अमूल्य है।



