अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर/बिलासपुर जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आम जनता के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बीट प्रणाली (Beat System) को मानक कार्यप्रणाली (SOP) के अनुरूप सख्ती और व्यवस्थित ढंग से लागू किया गया है। इस नई व्यवस्था से पुलिस की सक्रियता, दृश्यता और जवाबदेही में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
बीट प्रणाली के तहत प्रत्येक थाना क्षेत्र को छोटे-छोटे बीट क्षेत्रों में विभाजित किया गया है, जहां बीट अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों, असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों, बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही, किरायेदारों एवं नवागंतुकों की जानकारी नियमित रूप से संधारित करेंगे। इसके साथ ही सामाजिक, सामुदायिक एवं संवेदनशील गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों से सतत संवाद स्थापित कर भरोसे का माहौल बनाना है। बीट अधिकारी स्थानीय लोगों से निरंतर संपर्क कर प्रारंभिक सूचनाओं का संकलन करेंगे, जिससे अपराध की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और जन-विश्वास को मजबूती मिलेगी।

बीट में आवंटित प्रत्येक मोटर साइकिल में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे पुलिस की निरंतर उपस्थिति, गश्त की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। जीपीएस आधारित निगरानी से यह भी सुनिश्चित होगा कि बीट अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर रहे हैं। इससे अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था
जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बीट प्रणाली को समान रूप से सुदृढ़ किया गया है। प्रत्येक बीट क्षेत्र में 06 आरक्षक तैनात किए गए हैं, जो प्रातः, सायं एवं रात्रि—तीन शिफ्टों में 24×7 गश्त और निगरानी का दायित्व निभाएंगे।
शहरी बीट क्षेत्रों में बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थान, स्लम बस्तियाँ, स्कूल–कॉलेज, एटीएम, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थलों को शामिल किया गया है। वहीं ग्रामीण बीट प्रणाली के अंतर्गत 3 से 6 गांव, खेत-खलिहान, जलस्रोत, वन सीमा क्षेत्र, बंदोबस्त इलाके तथा दुर्घटनाजन्य स्थानों को कवर किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे।

अपराध और नशे के विरुद्ध सख्त रुख
बीट अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संदिग्ध व्यक्तियों, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों और बाहरी आगंतुकों पर सतत निगरानी रखें। नशा, जुआ-सट्टा, चोरी, नकबजनी, छेड़छाड़ एवं गुंडागर्दी जैसी गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से नशे के विरुद्ध अभियान चलाकर इसके नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे।
सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर
बीट अधिकारी स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों, चौकीदारों, सरपंच, कोटवार एवं शिक्षकों से निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे। भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद एवं सामुदायिक रूप से संवेदनशील मामलों की समय रहते जानकारी एकत्र कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विवाद बढ़ने से पहले ही समाधान निकाला जा सके।
रात्रिकालीन गश्त और आधुनिक निगरानी
रात्रिकालीन गश्त को विशेष रूप से रात्रि 12:00 बजे से 04:00 बजे के बीच प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा। प्रत्येक बीट में बीट रजिस्टर/बीट डायरी का नियमित संधारण, अपराध मानचित्रण, घटनाओं का विश्लेषण तथा प्रमुख स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और क्यूआर कोड के माध्यम से पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
कुल मिलाकर, सुदृढ़ की गई बीट प्रणाली जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है, जिससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामुदायिक पुलिसिंग को भी नई मजबूती मिलेगी।



