अमित दुबे की रिपोर्ट :-
मल्हार।“जय परशुराम भगवान” के उद्घोष के साथ रविवार को मल्हार ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण बैठक वरिष्ठ समाजसेवी श्री कौशल पाण्डेय के निज निवास पर आयोजित की गई। बैठक में समाज के बुजुर्गों, युवाओं एवं विभिन्न परिवारों के प्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल करना रहा। उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में समाज में एकता, समन्वय और आपसी संवाद को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान इस बात पर गहन चर्चा की गई कि ब्राह्मण समाज में व्यापक एकता कैसे स्थापित की जाए, समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर कैसे लाया जाए तथा ब्राह्मण परिवारों को एक माला में कैसे पिरोया जाए।
विचार-विमर्श के दौरान युवाओं ने संगठन को आधुनिक माध्यमों से मजबूत करने, नियमित बैठकें आयोजित करने और समाज की नई पीढ़ी को सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का सुझाव दिया। वहीं वरिष्ठजनों ने परंपराओं के संरक्षण, आपसी सम्मान और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि समाज के सभी परिवारों का डाटा संकलन कर एक सूची तैयार की जाए, जिससे जरूरत के समय एक-दूसरे की सहायता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही सामाजिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और सेवा कार्यों के माध्यम से आपसी सहभागिता बढ़ाने पर सहमति बनी।
समाज के बुजुर्गों के सम्मान को सर्वोपरि बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही संगठन को सही दिशा मिल सकती है। सभी उपस्थित सदस्यों ने सामाजिक चेतना जागृत करने, अपनी बात मजबूती से रखने और समाजहित में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में समाज को एक सूत्र में बांधने तथा नियमित अंतराल पर इस प्रकार की बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उपस्थित जनों ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से ब्राह्मण समाज और अधिक संगठित एवं प्रभावशाली बनेगा।



