
रतनपुर।
नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में शनिवार 14 मार्च 2026 को गोद भराई, अन्नप्राशन एवं न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वार्ड की गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों एवं आंगनबाड़ी में अध्ययनरत नन्हे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वार्ड पार्षद हाकिम मोहम्मद की अगुवाई में किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी सुपरवाइजर प्रकृति भट्ट, पूर्व पार्षद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में वार्ड की गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई की रस्म निभाई गई, जिसमें उन्हें फल, मिठाई एवं पोषण सामग्री भेंट कर उनके स्वस्थ मातृत्व की कामना की गई। इसके साथ ही 6 माह से अधिक आयु के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया, जिसमें बच्चों को पहली बार अन्न ग्रहण कराया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों को स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं भी उपस्थित रहीं, जिन्हें भी स्वल्पाहार कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं, ताकि वे अपने और अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रह सकें।
कार्यक्रम के अंत में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर प्रकृति भट्ट ने सभी जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
इस अवसर पर वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।




