अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर, 30 मार्च 2026
जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि घबराकर अतिरिक्त स्टॉक न करें और संसाधनों का उपयोग संयम व बचत के साथ करें।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने अब तक करीब 560 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कलेक्टर ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की खपत में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, जबकि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पहले की तरह सामान्य बनी हुई है। वर्तमान में जिले में करीब 10 हजार सिलेंडर उपलब्ध हैं और नियमित रूप से 17 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। इस प्रकार कुल उपलब्धता लगभग 27 हजार सिलेंडर है, जबकि प्रतिदिन 8 से 9 हजार सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना के तहत जुड़े कई उपभोक्ता, जिन्होंने लंबे समय से गैस रिफिल नहीं कराया था, अब अचानक मांग कर रहे हैं। इससे वितरण व्यवस्था पर दबाव बना है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि इसके पीछे जमाखोरी और कालाबाजारी की गतिविधियां भी हो सकती हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस के साथ-साथ वैकल्पिक साधनों का भी उपयोग करें और अनावश्यक खपत से बचें। साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
गैस कंपनियों के प्रतिनिधि हेम प्रकाश साहू ने बताया कि कई जगहों पर भीड़ का कारण केवाईसी प्रक्रिया है। बिना केवाईसी गैस वितरण नहीं किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा हो रही है। हालांकि ओटीपी न मिलने की समस्या पर कंपनी अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए एक टोल-फ्री नंबर 07714313009 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है।
इस बैठक में खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर, सुनील मौर्य सहित गैस एवं पेट्रोल कंपनियों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।



