अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
‘बाबू प्यारेलाल गुप्त सृजन पीठ, रतनपुर’ के तत्वावधान में जल संरक्षण को समर्पित एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 05 अप्रैल 2026 को प्रातः 7 बजे दुलहरा सरोवर के पावन तट पर किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में 11 हजार बातियों से ‘दुलहरा मैया की आरती’ के साथ-साथ ‘तालाब बचाओ–पानी बचाओ अभियान’ एवं ‘जल काव्य गोष्ठी’ का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम पिछले 20 वर्षों से निरंतर जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें नगर के प्रबुद्धजन, पत्रकार, साहित्यकार, समाजसेवी, महिलाएं एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य देव को जल अर्घ्य अर्पित करने से होगी, इसके पश्चात जलेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत शिवार्चन किया जाएगा। इसके बाद 11 हजार दीपों की भव्य रोशनी के बीच ‘दुलहरा मैया की आरती’ संपन्न होगी, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
इसके उपरांत ‘तालाब बचाओ–पानी बचाओ’ अभियान का शुभारंभ करते हुए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। साथ ही ‘जल काव्य गोष्ठी’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कवि जल संरक्षण एवं रतनपुर के तालाबों पर आधारित अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। अंत में प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी आमंत्रितों से समय का विशेष ध्यान रखते हुए प्रातः 7 बजे उपस्थित होने की अपील की है।
इस आयोजन के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।





