जिला ब्यूरो चीफ अनीष मिश्रा की रिपोर्ट
रायपुर, 17 अप्रैल 2026।
AIIMS Raipur में गुरुवार को ट्रॉमा बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर नेशनल बिल्डिंग कोड पार्ट-4 (फायर एंड लाइफ सेफ्टी) के तहत फायर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। दोपहर 3:00 बजे शुरू हुई इस ड्रिल में राज्य आपदा मोचन विभाग, अग्निशमन विभाग एवं एम्स के फायरमैन ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान ट्रॉमा इमरजेंसी के मेल रेजिडेंट रूम में अत्यधिक धुएं की स्थिति निर्मित कर एक मरीज के बेहोश होने का सीन तैयार किया गया। फायर रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र पांच मिनट के भीतर, 03:05 बजे मरीज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे आपातकालीन प्रतिक्रिया की तत्परता और समन्वय का प्रभावी प्रदर्शन हुआ।
इस अवसर पर सुरक्षा अधिकारी श्री पंकज घोरमाड़े, कार्यकारी अभियंता श्री शैलेश सिंह, सहायक सुरक्षा अधिकारी श्री विपिन कुशवाहा, जेईई (विद्युत) श्री लुकेश देवांगन सहित ट्रॉमा डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
ड्रिल की योजना एवं निरीक्षण उप सलाहकार (फायर) द्वारा किया गया, वहीं सुरक्षा-सह फायर जमादार श्री अंकित कुमार ने समन्वय एवं तैनाती की जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा सुरक्षा एवं फायर नियंत्रण सेवाएँ, इंजीनियरिंग अनुभाग तथा विभिन्न विभागों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
यह मॉक ड्रिल आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के साथ-साथ कर्मचारियों में जागरूकता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।





