नारायणपुर, 04 मई 2026: छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के सुदूर वनांचल में स्थित ताहकाडोंड गांव में मोबाइल टावर की स्थापना के साथ संचार सुविधाओं का विस्तार हुआ है। लंबे समय से नेटवर्क समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र के ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिली है।
विकासखंड ओरछा के ग्राम पंचायत मेटानार के आश्रित ग्राम ताहकाडोंड सहित आसपास के गांव पहले पूरी तरह ‘नो नेटवर्क ज़ोन’ हुआ करते थे। एक कॉल करने के लिए ग्रामीणों को पहाड़ियों पर चढ़ना या कई किलोमीटर दूर सड़क तक जाना पड़ता था। अब मोबाइल टावर स्थापित होने से लोग अपने गांव में ही सहज रूप से कॉल और इंटरनेट सेवाओं का उपयोग कर पा रहे हैं।
कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया, “अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी के लिए ताहकाडोंड में मोबाइल टावर की स्थापना से न केवल संचार सुविधा मजबूत हुई है, बल्कि यह शासन की सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में ऐसे अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।नए मोबाइल टावर से -ताहकाडोंड 125 (जनसंख्या ) ,कदेर -139 (जनसंख्या ) ,ब्रेहबेड़ा -120 (जनसंख्या को सीधे लाभ होगा।
आपातकालीन सेवाओं में सुविधा
बेहतर नेटवर्क उपलब्ध होने से अब ग्रामीण आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल कर सकते हैं तथा स्वास्थ्य केंद्रों और संबंधित अधिकारियों से तुरंत संपर्क स्थापित कर सकते हैं, जिससे समय पर उपचार संभव हो पा रहा है।
*डिजिटल एवं प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच सुलभ*
मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से अब शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय पर ग्रामीणों तक पहुंच रही है। डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग सेवाएं और अन्य ई-गवर्नेंस सुविधाएं भी सुलभ हो गई हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस सुविधा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है । यह पहल न केवल संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि अबूझमाड़ क्षेत्र के समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगी।



