नारायणपुर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीन राज्यों में मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया।शहर के जयस्तंभ चौक पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए, जहां पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों व डीजे कि थाप पर नाचते-गाते हुए जमकर नारेबाजी की और पार्टी की जीत का जश्न मनाया। इस दौरान आतिशबाजी कर आसमान को रोशन किया गया और पटाखों की गूंज से पूरा इलाका गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झालमुड़ी और मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। युवा कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ, महिलाएं तक सभी में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर मौजूद भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास और सुशासन पर भरोसा जताया है, जिससे पार्टी को बड़ी सफलता मिली है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पूरे आयोजन में अनुशासन बनाए रखा गया। नारायणपुर में भाजपा की जीत का यह जश्न लंबे समय तक याद रखा जाने वाला रहा, जहां उत्साह, उमंग और जोश का अनोखा संगम देखने को मिला।



