हाईटेक नगर निगम बनने की बढ़ी उम्मीदें”। बुलंद टाइम्स के लिए ब्यूरो चीफ अनीष मिश्रा की रिपोर्ट।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2018 बैच के युवा आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा अब रायपुर नगर निगम की कमान संभालेंगे। सोमवार को वे पदभार ग्रहण करेंगे। तकनीकी शिक्षा, आधुनिक प्रशासनिक सोच और फील्ड में सक्रिय कार्यशैली के कारण उनकी पहचान अलग मानी जाती है।
ओडिशा के भुवनेश्वर से ताल्लुक रखने वाले संबित मिश्रा ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 51वीं रैंक हासिल कर आईएएस सेवा में जगह बनाई थी। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है, वहीं जेएनयू से पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री हासिल की। तकनीक और प्रशासन दोनों क्षेत्रों की मजबूत समझ रखने वाले अधिकारियों में उनका नाम लिया जाता है।
प्रशासनिक कार्यकाल में उन्होंने नगरीय प्रशासन से लेकर नक्सल प्रभावित इलाकों तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। बीजापुर कलेक्टर रहते हुए उनकी कार्यशैली सबसे ज्यादा चर्चा में रही। नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंचकर सीधे लोगों से संवाद करना और मौके पर समस्याओं का समाधान निकालना उनकी पहचान बना। बांगोली जैसे दूरस्थ गांवों तक पैदल पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात करने और प्रशासन का भरोसा मजबूत करने के प्रयासों को भी काफी सराहा गया।
बीजापुर में उनके कार्यकाल के दौरान पीडीएस व्यवस्था, पंचायत स्तर की मॉनिटरिंग, सड़क और मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई पहल चर्चा में रहीं। स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई और त्वरित समाधान की कार्यशैली ने उन्हें एक एक्टिव फील्ड ऑफिसर के रूप में पहचान दिलाई।
अब रायपुर नगर निगम की जिम्मेदारी मिलने के बाद आम लोगों में हाईटेक नगर निगम बनने की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि डिजिटल मॉनिटरिंग, टेक्नोलॉजी आधारित कार्यप्रणाली, स्मार्ट सिस्टम और ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ावा देकर नगर निगम के कामकाज में नई तेजी लाई जा सकती है।
शहर की सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक, जल निकासी, शिकायत निवारण और नागरिक सुविधाओं में तकनीकी सुधार को लेकर भी लोगों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि तकनीकी बैकग्राउंड और सक्रिय कार्यशैली वाले संबित मिश्रा रायपुर नगर निगम में बड़े बदलाव की शुरुआत कर सकते हैं।



