बुलंद टाइम्स के लिए जिला ब्यूरो चीफ अनीष मिश्रा की रिपोर्ट रायपुर। राजधानी रायपुर के पुराने और घनी आबादी वाले क्षेत्र गुड़हियारी फीडर अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय नगर, उमा किराना स्टोर के पास स्थित ट्रांसफार्मर पिछले लगभग तीन माह से लगातार तकनीकी समस्या का सामना कर रहा है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि ऐसा शायद ही कोई दिन हो जब बिजली विभाग की टीम को मौके पर आकर डीओ (ड्रॉप आउट) बनाना न पड़ता हो।
क्षेत्रवासियों के अनुसार प्रतिदिन शाम 7–8 बजे के बाद बिजली व्यवस्था प्रभावित होना शुरू हो जाती है और अधिकांश दिनों में रात 11 बजे तक डीओ गिर जाता है। इसके बाद पूरे क्षेत्र में वोल्टेज कम हो जाता है, लाइटें डिम पड़ जाती हैं और कई घरों में एक या अधिक फेज बंद होने की स्थिति बन जाती है। शिकायत के बाद विभाग की टीम देर रात पहुंचकर अस्थायी रूप से व्यवस्था बहाल कर देती है, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने एक और गंभीर समस्या उठाई है। उनका कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग के लैंडलाइन नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन लगभग 50–60 बार कॉल करने के बाद भी संपर्क नहीं हो पाता। आरोप है कि कई बार फोन लगातार बिज़ी बताता रहता है, जिससे लोगों को यह संदेह होता है कि रिसीवर उठाकर अलग रखा जाता है। ऐसी स्थिति में रहवासियों को देर रात स्वयं कार्यालय या संबंधित स्थान तक जाकर शिकायत दर्ज करानी पड़ती है।
रहवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र रायपुर के पुराने और महत्वपूर्ण आवासीय इलाकों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में परिवार वर्षों से निवास कर रहे हैं। विशेष बात यह है कि गुड़हियारी क्षेत्र में बिजली विभाग का बड़ा कार्यालय एवं वेयरहाउस परिसर भी स्थित है, जहां विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी भी रहते हैं। इसके बावजूद करीब दो किलोमीटर दूरी पर स्थित इस क्षेत्र की लगातार बनी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होना लोगों के बीच चर्चा और नाराजगी का विषय बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि संबंधित ट्रांसफार्मर, लोड वितरण व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली की तकनीकी जांच कर जल्द स्थायी समाधान किया जाए ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।



