बुलंद टाइम्स बालोद ब्यूरो चीफ याद राम साहू मो, 9009338660
जिले के सिकोसा-खुटेरी मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक साकेत विश्वकर्मा पिता चिंताराम, उम्र 24 वर्ष, निवासी दनिया अपनी मोटरसाइकिल से सिकोसा से अर्जुंदा की ओर जा रहा था। तभी सामने से सिकोसा की तरफ आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साकेत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
*परिवार का सहारा था साकेत*
साकेत रोजी-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा होने के कारण पूरे घर की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
*पुलिस कार्रवाई*
सूचना मिलते ही 112 की टीम और अर्जुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा की मर्चुरी में रखवाया गया है। अर्जुंदा थाना प्रभारी ने बताया कि पिकअप को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
*ग्रामीणों की मांग*
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक मुआवजा देने और सिकोसा-खुटेरी मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।






