अमित दुबे की रिपोर्ट
कोटा/बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा” एवं “प्रहार अभियान” के तहत थाना कोटा पुलिस ने ग्राम भुंडा एवं ग्राम गनियारी में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, नए आपराधिक कानूनों, यातायात नियमों तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
बिलासपुर जिले में अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में लगातार जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 23 जून 2026 को थाना कोटा क्षेत्र के ग्राम भुंडा और ग्राम गनियारी में महिला स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय ग्रामीण महिलाओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक श्री आकाश चौधरी एवं थाना कोटा पुलिस स्टाफ ने उपस्थित महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज में भी अनेक समस्याओं को जन्म देता है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने हाल ही में लागू हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित नए आपराधिक कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।
महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, अपराधों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा कानून द्वारा उपलब्ध सुरक्षा उपायों के बारे में बताया गया।
इसके अलावा यातायात सुरक्षा को लेकर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा उन्मूलन एवं सामाजिक जागरूकता के लिए पुलिस के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने भी गांवों में इस प्रकार के जनजागरण कार्यक्रमों को लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।
कोटा पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशे के कारोबार, साइबर ठगी या संदिग्ध घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।




