Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज़/अमित दुबे
बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरिया दादर के आश्रित ग्राम पचरा में पिछले पांच दिनों से खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। भीषण गर्मी के बीच पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। पेयजल संकट गहराने लगा था, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी तथा घरेलू एवं कृषि कार्यों में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार बिजली विभाग को सूचना देने और विभिन्न माध्यमों से समस्या के समाधान का प्रयास करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई थी।
ग्रामीणों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए 26 जून की रात ग्रामवासियों ने अपनी समस्या से भाजपा मंडल अध्यक्ष रतनपुर दुर्गा कश्यप को अवगत कराया। सूचना मिलते ही उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और खराब ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
इस दौरान भाजयुमो मंडल अध्यक्ष राजू दास मानिकपुरी ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया। दोनों जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयास और फॉलोअप का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि अगले ही दिन सुबह बिजली विभाग की टीम आवश्यक सामग्री के साथ ग्राम पचरा पहुंची और खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। इसके साथ ही गांव में विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी गई।
बिजली बहाल होते ही पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया। पांच दिनों से अंधेरे और गर्मी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामवासियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष राजू दास मानिकपुरी तथा बिजली विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि समय पर किए गए प्रयासों के कारण गांव को बड़ी राहत मिली और जनजीवन पुनः सामान्य हो सका।

इस अवसर पर ग्राम के मोती दास, संतोष दास, ओमकुमार साहू, सीताराम, बसंत पोर्टे, नंदकुमार श्रीवास्तव, कृष्णा साहू, बीर सिंह, राधेश्याम यादव, मयाराम यादव, बलम सिंह, संजूलाल, भूखन सिंह मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी जनप्रतिनिधि इसी तरह जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।



