Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/बसंत कुमार
कोरबा। “हर गली पक्की बने, कहीं जलभराव न हो और कोरबा एक सुव्यवस्थित एवं विकसित शहर बने” इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में कोरबा को एक बड़ी ऐतिहासिक सौगात मिली है। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा नगर विधायक लखन लाल देवांगन के सतत प्रयासों से नगर पालिक निगम कोरबा को 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 37 करोड़ 28 लाख रुपए से अधिक की राशि के 116 विकास कार्यों की महत्वपूर्ण स्वीकृति प्राप्त हुई है।
डिप्टी सीएम अरुण साव से भेंट के बाद मिली त्वरित मंजूरी…
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा अप्रैल 2026 में विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे गए थे। इन प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से विशेष मुलाकात कर त्वरित स्वीकृति का आग्रह किया था। मंत्री देवांगन के इस विशेष प्रयास के फलस्वरूप शासन द्वारा सभी 116 प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी गई है।
कोरबा में अब तक 1000 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत…
मंत्री श्री देवांगन के कुशल नेतृत्व में कोरबा नगर के विकास के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं एवं मदों से राशि स्वीकृत हो रही है। अब तक कोरबा शहर के लिए लगभग 1000 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका सकारात्मक असर अब धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
सभी वार्डों में चमकेगी अधोसंरचना, जलभराव से मिलेगी मुक्ति
इस नई स्वीकृति के अंतर्गत कोरबा शहर के वार्ड क्रमांक 1 से लेकर सभी वार्डों को शामिल किया गया है। इसके तहत:
मूलभूत अधोसंरचना: शहर के सभी वार्डों में सीसी सड़क, आरसीसी नाली, जल निकासी, पेयजल प्रबंधन और सड़क निर्माण से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
वार्डवार विकास: गली-मोहल्लों तक पक्की सड़क और नालियों का जाल बिछाया जाएगा, जिससे वर्षों से चली आ रही जलभराव और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
प्रमुख कार्य (उदाहरण): वार्ड क्र. 01 रामसागर में सड़क व नाली निर्माण (38.13 लाख), वार्ड क्र. 04 गृहणी अनाज दुकान तक सीसी रोड (40 लाख), और वार्ड क्र. 17 घाटघोरा रोड में सीसी रोड (25 लाख) जैसे कुल 116 कार्य स्वीकृत सूची में प्रमुखता से शामिल हैं।
“डबल नहीं, अब ट्रिपल इंजन सरकार की ताकत” – लखन लाल देवांगन
इस बड़ी उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि:
“प्रदेश में अब डबल इंजन नहीं, बल्कि ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से बड़े-बड़े अधोसंरचनात्मक कार्यों के साथ-साथ गली-मोहल्लों की छोटी से छोटी समस्याओं का भी तेजी से निपटारा किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि कोरबा का कोई भी वार्ड विकास से अछूता न रहे और प्रत्येक नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।”
उन्होंने इस बड़ी सौगात के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।



