Oplus_131072
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, भवन मरम्मत और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
बुलंद टाइम्स न्यूज, नारायणपुर। कलेक्टर नम्रता जैन ने बेनूर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर की स्वच्छता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की एक्सपायरी की नियमित जांच सुनिश्चित करने, आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सकों की उपलब्धता बनाए रखने तथा गंभीर मरीजों को बिना विलंब जिला अस्पताल रेफर करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकीय स्टाफ के लिए ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीज किरको मांझी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार से संबंधित समस्याओं के बारे में पूछा। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों को मरीज का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल के पंजीयन काउंटर, औषधि वितरण कक्ष, वार्ड, चिकित्सक आवास तथा अन्य आवश्यक कक्षों का निरीक्षण किया। मरम्मत योग्य भवनों की तत्काल मरम्मत कराने तथा भवनों में सीपेज की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. टी.आर. कंवर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



